देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ‘आर्टिस्ट चैंपियन लीग’ के मैच के बाद अनधिकृत रूप से शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खेल विभाग और पुलिस ने कार्रवाई की है। देहरादून पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए हरियाणा निवासी तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उत्तराखंड खेल विभाग ने लीग के आयोजकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में स्टेडियम की दर्शक दीर्घा के पास मेजों पर शराब की बोतलें और गिलास रखे दिखे। इसके आधार पर पुलिस की टीम ने मालदेवता चेकपोस्ट के पास दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश दहिया (34) व सचिन कुमार (34) निवासी सोनीपत तथा भूपेश कुमार (28) निवासी हिसार के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि 10 सितंबर को मैच समाप्त होने के बाद यह पार्टी आयोजित की गई थी। आरोपियों ने खुद ही इस दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस बात की जांच की जा रही है कि स्टेडियम परिसर जैसे नियंत्रित क्षेत्र में शराब की बोतलें कैसे पहुंचाई गईं।
मामले में संज्ञान लेते हुए राज्य खेल विभाग ने प्रतियोगिता के आयोजकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं, आयोजकों ने घटना में शामिल दो खिलाड़ियों को लीग से निष्कासित कर दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और शांति भंग करने की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




