सावन माह के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रही एक अनोखी कांवड़ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जगाधरी निवासी शिवभक्तों के एक समूह द्वारा तैयार की गई इस कांवड़ पर 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के असली भारतीय नोट लगाए गए हैं। कांवड़ की सजावट में करीब 2.70 लाख रुपये के नोटों की लड़ियां शामिल की गई हैं।
श्रद्धालु मोनू के अनुसार, उनकी टीम बीते चार वर्षों से नोटों से सजी कांवड़ लेकर यात्रा कर रही है। हरिद्वार के हर की पैड़ी से जल उठाने के बाद यह जत्था हरियाणा के यमुनानगर-जगाधरी की ओर बढ़ रहा है। खुले में भारी नकदी लगी होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद है। सहारनपुर में यात्रा मार्ग पर संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम अगली चौकी तक श्रद्धालुओं को सुरक्षा प्रदान कर रही है। इस जत्थे में एक अन्य कांवड़ भी शामिल है जिसे करीब 50 हजार रुपये के नोटों से सजाया गया है।
स्रोत: www.jagran.com




