मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी में बटन दबाते ही नंबर प्लेट छिप जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्रैफिक कैमरों और स्पीड डिटेक्टर्स से बचने के लिए अपनाए गए इस अनोखे जुगाड़ का वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भर रही फॉर्च्यूनर गाड़ी की नंबर प्लेट पर अचानक एक काला शटर नीचे आता है और पूरी प्लेट को ढक लेता है। वीडियो वायरल होने के बाद जब आरटीओ ने इसके ई-चालान रिकॉर्ड खंगाले, तो पता चला कि इस वाहन पर तेज रफ्तार और ट्रैफिक उल्लंघन से जुड़े 55 ई-चालान लंबे समय से लंबित थे। इन सभी चालानों की कुल बकाया राशि 1.22 लाख रुपये से अधिक है।
पिंपरी-चिंचवड़ के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संदेश चव्हाण के अनुसार, वीडियो में दिख रही गाड़ी Tathawade निवासी के नाम पर पंजीकृत है। वाहन जांच में पाया गया कि गाड़ी में वायरिंग के जरिए एक विशेष मैकेनिज्म फिट किया गया था, जिसका कंट्रोल कार के डैशबोर्ड पर लगे बटन से था। जैसे ही चालक बटन दबाता था, एक इलेक्ट्रॉनिक ब्लैक शटर नंबर प्लेट को पूरी तरह कवर कर लेता था, जिससे हाईवे पर लगे ऑटोमैटिक सीसीटीवी कैमरे नंबर कैप्चर नहीं कर पाते थे।
आरटीओ विभाग ने वाहन में अवैध फेरबदल करने के आरोप में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक पर 4,500 रुपये का जुर्माना लगाया और उसे मौके पर ही वसूल किया। इसके साथ ही आरटीओ ने वाहन मालिक को सख्त हिदायत दी है कि वह 1.22 लाख रुपये के सभी 55 लंबित चालानों का तुरंत भुगतान करे।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संदेश चव्हाण ने बताया कि वाहन मालिक को इस सप्ताह अपने वाहन और सभी मूल दस्तावेजों के साथ दोबारा आरटीओ दफ्तर में उपस्थित होने का समन दिया गया है, जहां गाड़ी की पूर्ण तकनीकी जांच की जाएगी।




