उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय सभागार में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS-2026) की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा, स्वच्छता, सुगम यातायात प्रबंधन और विदेशी मेहमानों के लिए उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राज्य के स्थानीय उत्पादों, कौशल और औद्योगिक ताकत को वैश्विक मंच प्रदान करेगा।
ट्रेड शो के इस संस्करण में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह साझेदार देश भाग ले रहे हैं। इन देशों के लिए प्रदर्शनी में समर्पित प्रीमियम पवेलियन तैयार किए जा रहे हैं। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों के लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। इस विशाल आयोजन में एक जिला एक उत्पाद (ODOP), एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा एवं एयरोस्पेस, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मा और हस्तशिल्प जैसे प्रमुख क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि UPITS-2026 ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों को नई गति देगा तथा उत्तर प्रदेश के 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य में बड़ा योगदान देगा। उन्होंने आयोजन में स्थानीय कलाकारों, युवाओं और ओडीओपी प्रदर्शकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान सीएम योगी ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए कि 23 सितंबर तक प्रदर्शनी स्थल पर स्टाल लगाने की सभी प्रक्रियाएं अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं।
आगंतुकों और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए पार्किंग क्षेत्रों से प्रदर्शनी स्थल तक 500 से अधिक इलेक्ट्रिक (EV) शटल बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर चालू किया गया है। प्रदर्शनी परिसर में उच्च गति वाले इंटरनेट, अतिरिक्त टेलीकॉम टावर और पर्याप्त साइनबोर्ड लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान बताया गया कि आयोजन के तहत कथक, भोजपुरी, आल्हा और थारू जनजातीय नृत्य सहित 25 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास बिंदुओं पर जांच और यातायात डायवर्जन योजना की विस्तृत जानकारी दी।




