कोलकाता की ओर जा रही कटिहार एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चलती ट्रेन के दौरान अचानक सांप निकलने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के डिब्बे में साइड लोअर बर्थ के नीचे से रेंगते हुए बाहर आए लंबे सांप को देखकर कोच में सवार यात्री दहशत में आ गए।
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सांप को सीट के निचले हिस्से से निकलकर ट्रेन के फर्श पर रेंगते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद सांप कोच के दरवाजे के पीछे जाकर छिप गया, जहां उसकी केवल पूंछ नजर आ रही थी। वीडियो में यात्री डर के मारे दूर हटते और एक-दूसरे को सतर्क करते दिख रहे हैं।
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो पर इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने भारतीय रेलवे में कोचों की साफ-सफाई, डिब्बों के रखरखाव और यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
हालांकि वीडियो में दिख रहे सांप की सटीक प्रजाति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन सोशल मीडिया दावों में इसे जहरीला करैत सांप बताया जा रहा है। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों को ऐसे किसी भी आपात मामले में 139 हेल्पलाइन नंबर या सोशल मीडिया हैंडल पर सहायता मांगने की सलाह दी जाती है।



