लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की दो नई हाईटेक टाउनशिप ‘वरुण विहार’ और ‘नैमिषनगर’ का शिलान्यास 24 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आगरा रोड पर प्रस्तावित स्थल पर आयोजित समारोह में भूमि पूजन के साथ ही दोनों योजनाओं के तहत लगभग 5,000 भूखंडों (प्लाट) के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
प्राधिकरण के अनुसार, इन योजनाओं को राजधानी लखनऊ के भावी शहरी विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वरुण विहार योजना में भूखंडों की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है, जबकि सीतापुर रोड क्षेत्र में विकसित होने वाली नैमिषनगर योजना के लिए दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफुट रखी गई है। दोनों योजनाओं में नागरिकों की जरूरतों के हिसाब से विभिन्न श्रेणियों और आकारों के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे।
नैमिषनगर योजना की रूपरेखा में धार्मिक-आध्यात्मिक पर्यटन और आधुनिक शहरी सुविधाओं का संतुलन बनाया गया है। इसमें योग एवं साधना केंद्र, ध्यान केंद्र, सांस्कृतिक परिसर, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) केंद्र, कमर्शियल हब और सामुदायिक पार्कों के निर्माण का प्रस्ताव है। वही वरुण विहार को मुख्य आगरा रोड कनेक्टिविटी के साथ रिहायशी परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एलडीए की पांच नई बहुमंजिला अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें बागेश्वरी अपार्टमेंट (824 फ्लैट), ऐशबाग स्क्वायर (384 फ्लैट) और बसंत कुंज में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निकट पार्क व्यू अपार्टमेंट (364 फ्लैट) शामिल हैं।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड और बुनियादी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 24 सितंबर से प्राधिकरण के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर दोनों योजनाओं के भूखंड पंजीकरण की लिंक सक्रिय कर दी जाएगी।
स्रोत: www.livehindustan.com · helloup.in




